लोहाघाट में घुघुती की माला पहनकर उत्तरायणी की खुशी जताते बच्चे।
- फोटो : LOHAGHAT
चंपावत/लोहाघाट। जिला मुख्यालय सहित लोहाघाट, पाटी, बाराकोट क्षेत्रों में मकर संक्रांति और घुघुतिया त्यार धूमधाम से मनाया गया। बच्चों की ओर से अपने गले में घुघुतों की माला डालकर काले कौआ काले माघ की रोटी पूस में खाले कह कर कौओं को बुलाया गया। उत्तरायणी पर्व पर रामेश्वर और पंचेश्वर धाम में हजारों लोगों ने पर्व स्नान किया। ब्यानधूरा धाम में देवडांगरों ने गद्दी लगाकर श्रद्धालुओं की देव बाधाओं का समाधान किया।
शुक्रवार सुबह से ही लोगों का पंचेश्वर, रामेश्वर आदि तीर्थस्थलों की ओर जाने का क्रम शुरू हो गया था। पंचेश्वर में पिथौरागढ़, चंपावत जिले के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोरी, काली, धौली, सरयू, रामगंगा पांच नदियों के पवित्र संगम पर स्नान कर भगवान शिव के मंदिर में शीश नवाया। सुबह तड़के ही श्रद्धालुओं ने पर्व स्नान कर सूर्य भगवान को जलधारा दी। दिन चढ़ने के साथ ही यहां विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के जत्थों का आना शुरू हो गया था, जिन्होंने भगवान शिव के मंदिर में पूजा, अर्चना की। इधर रामेश्वर धाम में भी श्रद्धालुओं ने पर्व स्नान कर पूजा, अर्चना की। रामेश्वर और पंचेश्वर में लोगों ने बच्चों का यज्ञोपवीत, मुंडन संस्कार कराया।