चंपावत में कैश की जबरदस्त किल्लत बनी हुई है। हालात इस कदर खराब है कि दो दिन के भीतर कैश नहीं पहुंचा तो भारतीय स्टेट बैंक निकासी में सीमा बांधने को मजबूर हो जाएगा। एटीएम के हालात भी ठीक नहीं हैं। जिला मुख्यालय में ही 16 में से 11 एटीएम रकम विहीन हो गए हैं। शो-पीस बने इन एटीएम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रुपये निकालने आए शिक्षक रघुराज देउपा ने बताया कि वे इससे पहले पांच एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास कर चुके हैं। लेकिन किसी भी एटीएम से पैसा नहीं निकल पाया। आईडीबीआई, एसबीआई के तीन एटीएम सहित जिला मुख्यालय में ही 11 एटीएम नगदी नहीं होने के कारण शो-पीस बने हुए हैं। एसबीआई की चंपावत शाखा के मुख्य प्रबंधक हीरा सिंह पांगती ने बताया कि बीते कुछ महीनों से नगदी का संकट गहराया है। भारतीय रिजर्व बैंक से कई बार मांग करने के बावजूद नगदी नहीं मिल पा रही है। नगदी नहीं होने से एटीएम में रकम डालना मुश्किल हो रहा है। वहीं चंपावत की कैश चेस्ट में अब महज एक करोड़ रुपये बचे हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि अगले दो दिन में कैश नहीं आने पर बैंक ग्राहक के आहरण की सीमा बांधने को मजबूर होंगे।
फोटो 28 सीपीटी 05 से 08 पी।
चेस्ट में है 75 लाख की रेजगारी
भारतीय रिजर्व बैंक नगदी की आपूर्ति करने में भले ही देरी कर रहा हो, लेकिन रेजगारी भेजने में पूरी दरियादिली दिखा रहा है। बीती 19 मई को आरबीआई ने चंपावत कैश चेस्ट में 20 लाख रुपये की रेजगारी भेज थी। जबकि चेस्ट में पहले से ही 55 लाख रुपये की रेजगारी पड़ी हुई थी।
वेतनभोगी व पेंशनर्स को हो सकती है मुश्किल
मई बीतने में महज तीन दिन बचे हैं। ऐसे में जून माह में तमाम बैंकों को बड़ी संख्या में लोगों को वेतन और पेंशन देने के लिए पापड़ बेलने पड़ सकते हैं। ऐसे में पहले से ही कैश की कमी से जूझ रहे इन बैंकों को लोगों तक वेतन और पेंशन देना बड़ी चुनौती होगी।