टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग में किरौड़ा नाले ने रोकी यात्रियों की राह।
टनकपुर/चंपावत। चंपावत जिले के पहाड़ी क्षेत्र में हुई वर्षा से पूर्णागिरि मार्ग एक बार फिर बाधित हो गया। बारिश के कारण किरोड़ा नाला उफान पर आ गया। इससे पूर्णागिरि धाम की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सोमवार को किरोड़ा नाला उफान में आने से एनएच पर मार्ग के दोनों तरफ वाहनों और राहगीरों की लंबी कतार लग गई। हालांकि बाइक और स्कूटी सवारों ने जान जोखिम में डालकर आवाजाही की।
नाले का जल स्तर कम होने पर आवाजाही शुरू हो सकी। प्रशासन में सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ की टीम तैनात की है। चंपावत में टनकपुर-घाटन एनएचप पर सुखीढांग के पास मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। सोमवार की सुबह भारी बारिश के बाद सुबह साढ़े सात बजे पहाड़ी से मलबा सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। टनकपुर से चंपावत और चंपावत से टनकपुर की तरफ जा रहे यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। एनएच पर दोनों तरफ डेढ़ घंटे तक कई वाहन फंस गए। करीब नौ बजे यातायात सुचारु किया गया।
.............
बारिश से किसानों में खुशी
बनबसा /टनकपुर (चंपावत)। सोमवार सुबह क्षेत्र में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश होेने से तापमान में कमी हुई है। यह बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। बारिश होने के बाद किसानों ने धान की फसल की रोपाई शुरू कर दी। सोमवार को हुई वर्षा से यहां हो रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। तापमान कम होने से जहां आमजन ने राहत की सांस ली। सोमवार को क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। संवाद