लोहाघाट (चंपावत)। खेल महाकुंभ के तहत मंगलवार को न्याय पंचायत बाराकोट और बापरु के छात्र-छात्राओं की विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल ने किया।
क्रीड़ा प्रभारी नरेंद्र राम टम्टा के मार्गदर्शन में हुई 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में अमित सिंह, महेंद्र बिष्ट, मयंक बोहरा पहले तीन स्थानों पर रहे। संयोजक प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश गौतम के निर्देशन में राजेंद्र गड़कोटी, भरत कुमार ने संचालन किया।
वहीं अटल आदर्श जीआईसी बाराकोट में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बाराकोट विनीता फर्त्याल, विशिष्ट अतिथि ज्येष्ठ उपप्रमुख नंदाबल्लभ बगौली ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
प्रधानाचार्य रमेश राम लोहिया, ब्लॉक खेल समन्वयक रमेश जोशी के निर्देशन में हुई फर्राटा दौड़ में विपिन चंद्र, पीयूष भंडारी, नितिन अधिकारी, साक्षी बिष्ट, कामिनी वर्मा, शीतल भंडारी, लंबीकूद में पीयूष भंडारी, अमन अधिकारी, मनीष कुमार, रिया अधिकारी, शीतल भंडारी, आकांक्षा अधिकारी पहले तीन स्थानों पर रहे।
कबड्डी बालक वर्ग में काकड़ विजेता, मिरतोली उप विजेता, बालिकाओं में मिरतोली विजेता, बाराकोट उप विजेता, खो-खो में बिसराड़ी विजेता रहा। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
बेड़ीनाग में खेल महाकुंभ का विधायक ने किया उद्घाटन
बेड़ीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय खेल महाकुंभ का विधायक मीना गंगोला ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खंड स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस तरह की प्रतियोगिता बेहद जरूरी हैं। वहां भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक धानिक, सभासद नीरु कार्की, त्रिलोक खाती, हीरा सिंह कार्की, बीईओ तरुण पंत आदि थे।