लोहाघाट के सुंई क्षेत्र में घरों से पानी के सेंपल लेते जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट।
लोहाघाट (चंपावत)। सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से दूषित पानी आने की शिकायत पर जल संस्थान ने घर-घर जाकर पानी के सैंपल लिए। करीब तीन महीने से ग्रामीण इस पेयजल योजना से दूषित और लाल पानी आने की शिकायत कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर घर नल हर घर जल योजना के तहत जब से लिफ्ट योजना का सुधारीकरण किया गया है तब से उनके घरों में दूषित और लाल पानी आ रहा है।
दूषित पानी के कारण गांव के लोग पीलिया और टायफायड की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से सुंई पऊ, चनकांडे, सात खाल, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, छमनियां, चमनपुर के अलावा बाराकोट के कालाकोट आदि तोकों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने सुंई के कई तोकों से पानी के सैंपल लिए हैं। योजना अभी परीक्षण के दौर से गुजर रही है। प्रतिदिन पानी की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था का अन्य विकल्प नहीं होने के कारण इसी लाइन से पेयजल की आपूर्ति और परीक्षण भी किया जा रहा है जो कि विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन मानकों के अनुसार पानी में क्लोरीन डाली जा रही है। उन्होंने लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी है और जल्द ही पानी की गुणवत्ता में सुधार का भरोसा दिया है।
शांत बाजार में जल संस्थान ने हैंडपंप ठीक कराया
चंपावत। जिला मुख्यालय के शांत बाजार में सुलभ शौचालय के पास स्थित हैंड पंप ठीक होने से यात्रियों और व्यापारियों को राहत मिली है। इस संबंध में अमर उजाला की ओर से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर का संज्ञान लेते हुए जल संस्थान की ओर से खराब हैंडपंप की मरम्मत कर दी है। अब व्यापारियों और यात्रियों को पानी की सुविधा मिलने लगी है।