चंपावत। डीएम नवनीत पांडे ने जिले के टनकपुर- चंपावत एनएच-9 के विकल्प के लिए सिप्टी-पुनाबे-न्याड़ी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सड़क को लेकर जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।
इस सड़क मार्ग के लफड़ा- स्यूली - बूढ़ाखेत, गुरचूम-पाली- अमोड़ी सड़क से मिलान होने पर सीधे सिप्टी से एनएच- 9 अमोड़ी तक जुड़ जाएगा। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता मोहन सिंह पलड़िया ने बताया कि पुनाबे- सिप्टी सड़क मार्ग लफड़ा- स्यूरी-बूढ़ाखेत मार्ग से जोड़ने के लिए क्वेराला नदी में पुल बनाना होगा। इससे यह क्षेत्र स्वाला से सीधे जुड़ जाएगा। स्थायी मोटर पुल निर्माण के लिए एडीबी को प्रस्ताव भेजा है। तात्कालिक व्यवस्था के लिए लोनिवि प्रांतीय खंड ने बूढ़ाखेत में वैली द्वीप लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। डीएम ने लोनिवि आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्रामीणों से भी सड़क निर्माण के संबंध में वार्ता की। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर इन सड़कों के आपसी मिलान से सिप्टी- अमकड़िया क्षेत्र सीधे एनएच-9 से जुड़ जाएगा, वहीं जिला मुख्यालय से स्वाला तक लगभग 40 किमी वैकल्पिक मार्ग तैयार हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेश पटवाल, लोक निर्माण विभाग के अभियंता राजीव आदि अधिकारी मौजूद रहे।