बनबसा फागपुर में अतिक्रमण हटाते वन विभाग कर्मी। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। फागपुर में वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण करने के प्रयासों को विभाग ने विफल कर दिया। विभाग की टीम ने अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। अब ऐसे अतिक्रमणकारियों पर वन विभाग सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। वन विभाग फागपुर में हरे पेड़ों को सुखाने वालों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
अंबेडकर ग्राम फागपुर में छीनी कंपार्टमेंट 11 में पिछले दो दिनों से करीब चार परिवारों ने वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण कर घेरबाड़ कर दी। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। अवैध कब्जा करनेे की नीयत से वन भूमि पर लगाई घेरबाड़ को भी विभागीय कर्मियों ने हटा दिया। पूर्वी तराई वन प्रभाग खटीमा के रेंजर आरसी मनराल ने बताया कि फसल के समय मौका पाकर ग्रामीण वन विभाग की भूमि पर कब्जे का प्रयास करते हैं। उन्होंने बताया कि चार परिवार अपनी भूमि के सामने की वन भूमि पर पिछले दो दिनों से कब्जे का प्रयास कर रहे थे जिसे वन विभाग ने हटा दिया है। उन्होंने बताया कि कब्जा हटाने को खटीमा, बनबसा, टनकपुर, चकरपुर, नगरा के वन कर्मियों की टीम को वन भूमि से कब्जा हटाने के अभियान में लगाया गया था। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की कोशिश करने पर ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण का प्रयास करने वालों लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। रेंजर ने बताया कि हरे पेड़ सुखाने वालों पर भी वन अधिनियम में कार्रवाई होगी।