ब्लॉक के गोली बिरगुल गांव निवासी एक शादीशुदा महिला ने अपने पति पर मारपीट करने और पिछले एक साल से घर से बेदखल करने का आरोप लगाया है। दो साल की मासूम बेटी के साथ महिला और उसके परिजनों ने एसपी से न्याय दिलाने की मांग की है। इस मामले को महिला ऐच्छिक ब्यूरो को सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार ललिता का विवाह सात साल पहले गोली बिरगुल निवासी खुशाल राम से हुआ था। ललिता के अनुसार चार साल तक तो उसके पति का व्यवहार ठीक रहा। परंतु चार साल बाद वह मारपीट करने लगा और एक साल पहले उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके काकरी गुरेली में पिता के साथ रह रही है। पिता मोहन राम अत्यंत गरीब हैं जैसे तैसे उसका भरण पोषण कर रहे हैं। उसकी दो साल की छोटी बेटी है जिसके भविष्य की चिंता उसे सताने लगी है। उसने अपने पति पर आरोप लगाया कि उसने दूसरी शादी कर ली है और वह उसे नहीं रखना चाहता है। उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने मामले को महिला ऐच्छिक ब्यूरो को सौंप दिया है।