चंपावत। जिले में ललुवापानी-बनलेख सड़क की दशा में जल्द सुधार होगा। शासन की ओर से 473.34 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने हॉटमिक्स का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क के हॉटमिक्स बनने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
आठ किमी से अधिक लंबी सड़क पर हॉटमिक्स की मांग ग्रामीणों की ओर से लंबे समय से की जा रही थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने होने से सड़क की स्थिति काफी खराब हो गई थी। बीते दिनों सीएम पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय भ्रमण में ललुवापानी-बनलेख सड़क पर हॉटमिक्स कराने का एलान किया था।
लोनिवि के सहायक अभियंता मनोज बिष्ट ने बताया कि विभाग की ओर से हॉटमिक्स की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस सड़क के हॉटमिक्स बनने से एनएच पर लग रहे जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी और सड़क मार्ग का प्रयोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में किया जा सकेगा।
इन गांवों को होगा सीधा लाभ
चंपावत। आठ किमी सड़क के हॉटमिक्स बनने से ललुवापानी, पल्सों, कलजाख, किस्कोट, जैगांव, जैतोली, मौराड़ी, बनलेख, चौनतोला सहित कई अन्य गांवों की 10 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। संवाद
बड़ी मात्रा में होती है सिटरस फलों की पैदावार
चंपावत। ललुवापानी-बनलेख सड़क से जुड़े हुए गांवों में बड़ी मात्रा में सिटरस फलों की पैदावार होती है। सड़क पर हॉटमिक्स होने से ग्रामीणों को सिटरस फलों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। सिटरस फलों के यहां दुग्ध और बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन भी बड़ी मात्रा में किया जाता है। संवाद
कोट
विभाग की ओर से 8.3 किमी लंबी ललुवापानी बनलेख सड़क में हॉटमिक्स का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही इस कार्य को पूरा कर लोगों को राहत दी जाएगी।