पिथौरागढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हम पार्टी के बल्द (बैल) हैं, जो बोला जाएगा वही किया जाएगा। आगामी विस चुनाव में मोदी बनाम विपक्ष की बजाय स्थानीय नेता और सत्तारूढ़ पार्टी का नेता होना चाहिए। मोदी फैक्टर कम करने के लिए हमें ऐसा करना जरूरी है।
हरीश रावत बुधवार को हुड़ेती में कांग्रेस कार्यालय की 100वीं वर्षगांठ पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कृष्णानंद उप्रेती और उनके पुत्र कैप्टन कविंद्र मोहन को श्रद्धांजलि दी। कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस कार्यालय में आंदोलन की रणनीति बनाई जाती थी। यह कार्यालय धरोहर है। इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने सभा में लोगों को कांग्रेस सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही हुड़ेती के बुजुर्ग दंपती माधवी देवी, चंद्र बल्लभ उप्रेती को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद लिया। पूर्व विधायक मयूख महर ने कहा कि उनके ड्रीम प्रोजेक्ट आंवलाघाट पेयजल योजना को भाजपा ने बदहाल कर दिया है। लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद उन्होंने चिमस्यानौला में सभासद हनुमान भाई के घर जाकर कार्यकर्ताओं को माघी खिचड़ी परोसी। वहां जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, वरिष्ठ नेता एडवोकेट रमेश कापड़ी, मथुरा दत्त जोशी, मनोज ओझा, युकां जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती, खीमराज जोशी, चंचल बोरा, सेनानी कृष्णानंद उप्रेती के पौत्र राजेश मोहन उप्रेती आदि रहे।
अब तो मेरे बच्चे भी कहते हैं कब तक चुनाव लड़ोगे
पिथौरागढ़। हुड़ेती में सभा के दौरान हरीश रावत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पार्टी में नये चेहरों को मौका मिलना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। अब तो मेरे बच्चे भी यह कहते हैं कि हम कब चुनाव लड़ेंगे हमेशा आप ही चुनाव लड़ते हैं। मैं अब लड़ने की जगह चुनाव लड़ाने को लेकर कार्य करूंगा।
लोगों का प्यार और भावनाएं हैं
पिथौरागढ़। हरदा आला.. गाने को लेकर हरीश रावत ने कहा कि लोगों का प्यार और भावनाएं उनके साथ जुड़ी हैं। इसलिए उन्हें इस तरह का प्यार मिल रहा है। माया उपाध्याय से उनका ज्यादा परिचय नहीं है लेकिन उन्होंने उनके लिए गाना बनाया इससे साफ पता चलता है कि लोगों की भावनाएं उनके साथ जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के एक कलाकार ने भी उन पर गाना बनाया है।
जब भी मेरे संचालन में चुनाव लड़ा गया, सफलता जरूर मिली : हरीश रावत
पिथौरागढ़। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि इस बार चुनाव लड़ने का नहीं, चुनाव लड़ाने का मन है। जब भी उनके संचालन में चुनाव लड़ा गया तब कांग्रेस को सफलता मिली है। बाकी जैसा पार्टी हाईकमान का आदेश होगा उसी के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
बुधवार को चिमस्यानौला स्थित पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. नारायण सिंह बिष्ट के आवास पर पत्रकार वार्ता में हरदा ने कहा कि वह आगामी विस चुनाव लड़ने के मूड में नहीं हैं। इस बार वह प्रदेश में अपने संचालन में चुनाव लड़ाने को लेकर सोच रहे हैं।
प्रदेश के हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सूखे से खेती पूरी तरह चौपट हो गई है। जनवरी और फरवरी में जंगल धधक रहे हैं। सरकार को जंगलों को बचाने के लिए इमरजेंसी घोषित करनी चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में खोली तमाम संस्थाओं को सरकार ने बंद कर दिया है। पॉलीटेक्निक, आईटीआई खोलने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना था, लेकिन सरकार इनको बंद करने पर तुली है। सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज से तीन विषयों को बंद कर दिया गया है।
2022 के विधानसभा चुनाव में सीएम के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परिपाटी नहीं है कि चुनाव के बाद चेहरा घोषित किया जाए। केरल, कर्नाटक, हरियाणा, मध्य प्रदेश में चेहरे घोषित किए गए, वहां पार्टी को अच्छे परिणाम मिले।
हरदा का लोहाघाट दौरा कार्यकर्ताओं में भर गया जोश
लोहाघाट (चंपावत)। पूर्व मुख्यमंत्री हरदा के लोहाघाट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूर्व सीएम रावत का दौरा कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। उन्हें वाहन रैली के जरिये मानेश्वर से लोहाघाट लाया गया। पूर्व सीएम रावत ने क्षेत्र के प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर कालू सिंह माहरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने बीएनके अस्पताल परिसर में जलेबी कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान आशा वर्कर्स और वर्ष 2017 में कन्याधन से वंचित छात्राओं ने पूर्व सीएम को ज्ञापन दिया। बाद में रंजीत पैलेस में खिचड़ी भोज हुआ। पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता के आवास पर उन्होंने कई बुजुर्गों को सम्मानित किया। वहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व कबीना मंत्री महेंद्र सिंह माहरा, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, भगीरथ भट्ट, योगेश मेहता, प्रशांत वर्मा, मुन्ना ढेक, नवीन मुरारी, हरगोविंद बोहरा, प्रकाश माहरा आदि रहे।
लोहाघाट पहुंचने पर पूर्व सीएम का माल्यार्पण कर स्वागत करते कांग्रेसी।- फोटो : LOHAGHAT