चंपावत। जिले में हरेला पर्व 313 ग्राम पंचायत के साथ ही 28 स्थानों पर व्यापक स्तर पर जन सहभागिता से मनाया जाएगा। पर्व पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर जनांदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग 50 हजार, उद्यान विभाग आठ हजार, भेषज और जड़ी बूटी विभाग 10 हजार, रेशम विभाग 15800 और विकास विभाग 20 हजार पौधे उपलब्ध कराएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक घर में दो-दो पौध वितरण कार्यक्रम के तहत वन विभाग 60 हजार पौध अतिरिक्त पौध वितरित करेगा।
बृहस्पतिवार को डीएम नवनीत पांडे की अध्यक्षता में 16 जुलाई को हरेला पर्व की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय सभागार में बैठक हुई। डीएम ने कहा कि हरेला पर्व के अवसर पर जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत समेत नगरीय क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर तक नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। सभी विकासखंड मुख्यालय, 17 वन ग्रामों सहित 28 स्थानों में बृहद कार्यक्रम आयोजित कर पौध रोपे जाएंगे। 28 अधिकारियों को अलग से नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिले के 2300 समूह 20-20 पौधे रोपेंगे। बैठक में सीडीओ संजय कुमार सिंह, डीडीओ दिनेश दिगारी, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, एसडीओ वन नेहा चौधरी समेत वर्चुअल माध्यम से सभी खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।