चंपावत। समाज कल्याण विभाग की ओर से लोहाघाट में संचालित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास में रहने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें छात्रावास में भीतर ही शारीरिक अभ्यास के लिए जिम की सुविधा मिलेगी। छात्रावास में जिम निर्माण के लिए इस वर्ष की जिला योजना में 25 लाख की धनराशि समाज कल्याण विभाग को अवमुक्त कराई गई है। छात्रावास के परिसर में जिम कक्ष के निर्माण के साथ ही छात्रावास की मरम्मत के कार्य भी किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने बताया कि छात्रावासों के रखरखाव और सुदृढ़ीकरण योजना के तहत राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास लोहाघाट में 25 लाख से जिम निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाने को जिला योजना में मंजूरी मिली है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
फोटो 05 सीपीटी 03 पी।
जिम के अलावा होगा इन कार्यों का निर्माण
चंपावत। जिला योजना में राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास लोहाघाट में जिम कक्ष के उपकरणों के साथ विविध प्रकार की खेल सामग्री क्रय की जाएगी। इसके अलावा छात्रावास के भवन के मुख्य गेट की मरम्मत, भवन की रंगाई-पुताई, नाली मरम्मत, शौचालय मरम्मत के साथ ही अन्य कार्य भी किए जाएंगे। संवाद
-
चंपावत में अधर में लटका छात्रावास का निर्माण
चंपावत। जिला मुख्यालय में समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति के युवाओं के लिए बाबू जगजीवन राम आवासीय छात्रावास का निर्माण अधर में लटक गया है। करीब एक दशक पूर्व छात्रावास के लिए विभाग ने भूमि का चयन कर अन्य औपचारिकताएं पूरी कर शासन को भेजी गई। मगर तब से छात्रावास का प्रस्ताव शासन में धूल फांक रहा है। संवाद