टनकपुर (चंपावत)। एसएसबी स्वयंसेवक कल्याण समिति ने विभिन्न विभागों में नौकरी और पेंशन देने की मांग को लेकर जुलूस निकालकर आक्रोश जताया। गुरिल्लों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय और तहसील परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी के नेतृत्व में गुरिल्ला गांधी मैदान में एकत्र हुए और गुरिल्ला एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। सभा में गुरिल्लों ने मुख्यमंत्री से उन्हें नौकरी और पेंशन देने की मांग उठाई। कहा कि वे लोग 18 वर्षों से लगातार आंदोलनरत हैं, अब अधिकतर सेवक नौकरी की आयु सीमा पार कर चुके हैं। जो स्वयंसेवक योग्य हैं उन्हें तत्काल विभिन्न विभागों में नौकरी दी जाए। इस दौरान बलवंत सिंह कुल्याण, देवेंद्र भटट, चंद्रशेखर पाटनी,ललित बगौली, पार्वती देवी, दीपक जोशी, लक्ष्मी दत्त जोशी, गंगा राम समेत अनेक गुरिल्ले मौजूद रहे।