कन्याधन योजना का लाभ देने की मांग को लेकर लोहाघाट तहसील में धरना देती योजना से वंचित छात्राएं, सम?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। गौरा देवी कन्याधन योजना के तहत 51 हजार रुपये की मांग कर रही छात्राओं का सब्र का बांध टूट गया है। तीन दिन क्रमिक अनशन करने के बावजूद सरकार की ओर योजना का लाभ देने को लेकर कोई सकारात्मक पहल न होने से गुस्साईं छात्राओं ने शनिवार से आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा कर दी है। छात्राओं के आंदोलन को आम आदमी पार्टी, अभिभावकों और लोगों का समर्थन मिलता जा रहा है।
शुक्रवार को तहसील परिसर में क्रमिक अनशन में बैठीं छात्राओं का कहना था कि वर्ष 2017 और 2018 में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वालीं छात्राओं को गौरा देवी कन्याधन योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। अन्य वर्षों में उत्तीर्ण छात्राओं को योजना के तहत 51 हजार रुपये का लाभ मिल रहा है। छात्राओं का कहना था कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, दूसरी ओर छात्राओं को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। छात्राओं ने कहा कि जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिलेगा, वह आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगी। छात्राओं ने शनिवार से आमरण अनशन की घोषणा की है।
धरना देने वालों में मनीषा मेहता, कुसुम फर्त्याल, हिमानी शर्मा, रुचि करायत, राखी, बबीता बोहरा, दीया, प्रियंका, तुलसी बिष्ट, बीना कन्नौजिया, भाष्कर बिष्ट, राहुल सती, त्रिलोक सिंह, शंकर बोहरा, भवान सिंह फर्त्याल शामिल थे।