लोहाघाट (चंपावत)। मीनाबाजार चौक में नगर पंचायत के पास सराफा व्यापारी की दुकान में एकाएक आग गई। लोगों और दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
बृहस्पतिवार शाम मीना बाजार चौक स्थित बब्बू ज्वेलर्स की दुकान में आग लग गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, नवीन राय, मनोज जोशी ने दुकान में से धुआं उठते देखा। उन्होंने दमकल विभाग के लैंडलाइन में फोन किया, लेकिन वह आउट ऑफ ऑर्डर गया।
फोन नंबर 112 में भी कॉल करने के बाद किसी ने रिसीव नहीं की। इसलिए मेहता ने दौड़ लगाकर दमकल कार्यालय में आग लगने की सूचना दी। दमकल कर्मियों और लोगों की मदद से शटर को तोड़ा गया और आग पर काबू पाया गया। मौके पर मौजूद तहसीलदार विजय गोस्वामी और राजस्व उपनिरीक्षक मो. सलमान ने बताया कि आग पर समय से काबू पा लिया गया था। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दमकल विभाग का लैंडलाइन फोन बंद
लोहाघाट (चंपावत)। आग और अन्य दुर्घटनाओं में मददगार बनने वाले दमकल विभाग का लैंडलाइन नंबर बंद है। इस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार शाम मीनाबाजार चौक में आग लगने पर लोगों ने दमकल विभाग के लैंडलाइन फोन 05965-234211 पर कॉल कर सूचना देनी चाही, लेकिन फोन नहीं लग पाया। मौके से दमकल कार्यालय करीब 200 मीटर दूर होने के कारण लोगों ने दौड़कर जाकर सूचना दी, तभी दमकल कर्मी मौके पर आए। दमकल विभाग का फोन बंद होने पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताई।
बंदरों की उछलकूद से विभाग की टेलीफोन लाइन के तार टूट गए हैं। इस कारण अग्निशमन कार्यालय का लैंडलाइन फोन बंद हो गया है। तार टूटने की सूचना बीएसएनएल को दी जा चुकी है। जल्द ही फोन नंबर चालू हो जाएगा।
- प्रकाश चंद्र पांडेय, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, लोहाघाट।