लोहाघाट के दूरस्थ मौड़ा गांव में बारिश से ध्वस्त हरि राम का मकान।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे मौड़ा गांव में भारी बारिश के चलते एक दो मंजिला भवन जमींदोज हो गया है। घटना के वक्त भवन में किसी व्यक्ति के न होने से बड़ा हादसा बच गया। ग्रामीणों ने मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
क्षेत्र में हुई लगातार बारिश के चलते बुधवार को मौड़ा गांव के हरी राम का दो मंजिला मकान एकाएक भरभरा कर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई था। मकान के निचले तल में एक भैंस बंधी थी, जिसे लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रोशन कुमार ने बताया कि भवन स्वामी बच्चों की पढ़ाई के कारण लोहाघाट में रहते हैं। वह कभी-कभी गांव आते हैं। उनको भवन गिरने की सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों और भवन स्वामी ने प्रशासन से मुआवजे की मांग उठाई है। राहत और बचाव कार्य में रोशन कुमार, पुष्पा देवी, रमेश राम, कल्याण राम, सुरेश राम, विनित कुमार आदि शामिल रहे।