सौभाग्य योजना के तहत लाभार्थी को बिजली के कनेक्शन के कागजात देते कुमाऊं आयुक्त
- फोटो : अमर उजाला
जिले में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी सौभाग्य योजना का विधिवत शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार को वन पंचायत सभागार में कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने योजना का शुभारंभ किया। कहा कि इस योजना से देश के विद्युत से वंचित चार करोड़ घरों को मार्च 2019 तक विद्युत संयोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश के समस्त बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क विद्युत संयोजन मिल पाएगा और गरीब व्यक्तियों के घरों में विकास का नया सूर्योदय होगा। मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता विद्युत को योजना के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करने और वंचित परिवारों को योजना का लाभ निर्धारित समय के अंदर उपलब्ध कराने को कहा।
अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के एपीएल परिवारों को 500 रुपये की दस समान किश्तों में विद्युत संयोजन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में विद्युत से वंचित लगभग 19261 घरों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें सौभाग्य योजना में दिसंबर माह तक संयोजन प्रदान किया जाना लक्षित किया गया है। मंडलायुक्त ने योजना के तहत 15 लाभार्थियों को लाभान्वित करने के साथ प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, एडीएम हेमंत वर्मा, सीडीओ एसएस बिष्ट, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, आरसी गौतम, निर्मला बिष्ट, अनिल चन्याल सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला कार्यालय और कोषागार का निरीक्षण किया
चंपावत। शुक्रवार को कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने जिला कार्यालय एवं कोषागार का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी माह में दो बार राजस्व वादों एवं कार्यालय में लंबित संदर्भों का निस्तारण करें। मंडलायुक्त ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने से पूर्व संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करने और प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जन सुविधा शिविर की रिपोर्ट की एक प्रति शासन को प्रेषित करने को कहा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को पुलिस, लोनिवि, नगरपालिका के साथ सड़क पर पड़े अवरोधों को हटाने और बार-बार सड़क पर अवरोध करने वाले व्यक्तियों के चालान काटने को कहा।