फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वीकृत धनराशि को 20 मार्च से पूर्व खर्च करें: आयुक्त

Fri, 09 Mar 2018 10:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूराे चंपावत।
विज्ञापन
चंपावत कोषागार का निरीक्षण करते कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत धनराशि को प्रत्येक दशा में 20 मार्च से पूर्व शत-प्रतिशत व्यय करने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि  निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


बैठक में आयुक्त ने पर्यटन के नये क्षेत्र विकसित करने के साथ साहसिक पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ाने, महिला समूहों का गठन करने, खेल की विभिन्न विधाओं में बच्चों को पारंगत कर उन्हें किट उपलब्ध कराने, मिल्क रूट बढ़ाने पर जोर दिया।  कहा कि अधिकारी किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर विभाग को दिए पत्र पर प्राथमिकता पूर्वक कार्यवाही करते हुए संबंधित जनप्रतिनिधि को भी अवगत कराएं। इस दौरान प्राथमिकता के आधार पर पुराने कार्यों को पूर्ण करने, वन अधिनियम एवं विवादित क्षेत्र में कोई योजना प्रस्तुत न करने तथा उरेडा विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में एलईडी बल्बों का वितरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने  जिले स्तर की समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर ही करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, सीडीओ एसएस बिष्ट, परियोजना निदेशक एचजी भट्ट सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

पेयजल समस्या से निपटने की अभी से करें तैयारी
चंपावत। आयुक्त ने  ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या के निदान के लिए पेयजल निगम एवं जलसंस्थान को अभी से तैयारी करते हुए खराब हैंडपंपों, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत करने और पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने ग्रीष्मकाल में तहसीलों में कंट्रोल रूम भी स्थापित करने, वनाग्नि रोकने के लिए फायर लाइनों का निर्माण किए जाने को कहा। लोनिवि तथा वन विभाग से आपसी तालमेल कर सड़क किनारे पड़ी पिरूल हटाने को कहा।
विज्ञापन


बीस सूत्रीय कार्यक्रम में पिछड़ने पर जताई नाराजगी
चंपावत। मंडलायुक्त ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम में 23 मदों में केवल 11 मदों में ही ए श्रेणी प्राप्त करने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बी, सी और डी श्रेणी प्राप्त विभागों को चेतावनी दी कि माह के अंतिम सप्ताह तक ए श्रेणी प्राप्त करें, अन्यथा चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित की जाएगी। मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों पर भी नाखुशी जाहिर की।

शीघ्र पूरा होगा पूर्णागिरि धाम में रज्जू मार्ग का निर्माण
चंपावत। कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट का कहना है कि पूर्णागिरि के रज्जू मार्ग को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाए जाने की जरूरत बताई। कुमाऊं आयुक्त ने पत्रकार वार्ता में कहा कि लोहाघाट की नजूल भूमि में लोगों को मालिकाना हक दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अल्मोड़ा से दस्तावेजों को मंगा कर उनका अध्ययन किया जाएगा। टनकपुर जौलजीबी सड़क निर्माण के दौरान हो रहे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा प्राथमिकता में शुमार है। बारहमासी सड़क निर्माण के लिए लोगों की परेशानी दूर करने के लिए जिला अधिकारी को कार्ययोजना बनाए जाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें