टनकपुर (चंपावत)। पावन मौनी अमावस्या पर शारदा घाट में श्रद्धालुओं ने मौन डुबकी लगाई। घाट से करीब 50 फिट दूर बह रही जलधारा में अव्यवस्थाओं के बीच सुबह से श्रद्धालुओं के आने का क्रम दिन भर जारी रहा। इससे माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं प्रशासन की ओर से नदी के बीच में होने से कोई अस्थायी चेजिंग रूम आदि की व्यवस्था नहीं की गई है, सिर्फ पुलिस का तैराक दल तैनात रहा।
बुधवार सुबह से ही यूपी के पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली और ऊधमसिंहनगर, चंपावत जिले से श्रद्धालु शारदा घाट पर पहुंचने लगे। ठंड के बीच लोगाें ने आस्था की डुबकी लगाई। दिन भर श्रद्धालुओं का आना जाना जारी रहा। नदी के तट पर यूपी के शाहजहांपुर से परिवार के साथ आए श्रद्धालु अवनीश ने बताया कि वह पत्नी और चार वर्षीय पुत्र के साथ पावन शारदा नदी में स्नान करने आए हैं। वह हर साल प्रमुख पर्व में आते हैं। पीलीभीत के दिनेश चंद, पीलीभीत की ही मीनाक्षी भी परिवार के साथ स्नान के लिए पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पावन शारदा जल में डुबकी लगाने का मौका मिल रहा है।