चंपावत। चंपावत विकास संघर्ष समिति ने जिला मुख्यालय में मंजूर बेस अस्पताल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाने की मांग की है। इसके लिए समिति संयोजक हरेंद्र सिंह बोरा और अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी के नेतृत्व में समिति के शिष्टमंडल ने डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नर्सिंग ट्रेनिंग कॉलेज में पदों का सृजनकर यथाशीघ्र संचालन, खेल स्टेडियम की स्वीकृति, चंपावत में शीघ्र सीवर लाइन की स्वीकृति, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एमएससी की स्वीकृति, तल्लादेश मंच में महाविद्यालय की स्थापना, जीआईसी तामली, मंच में इंटर स्तर पर विज्ञान विषयों की मंजूरी, आईटीआई में अनावश्यक ट्रेडों को बदलकर व्यावहारिक ट्रेड खोलने, पॉलीटेक्निक में स्वीकृत दूसरे ट्रेड इलेक्ट्रिकल का शीघ्र संचालन कर अन्य व्यवसायिक रोजगारपरक ट्रेडों की स्वीकृति, गोरलचौड़ मैदान का विस्तारीकरण, सौंदर्यीकरण करने, डिप्टेश्वर झील में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने, खर्ककार्की में एसडीएम, तहसील कार्यालय भवनों के निर्माण, गुमदेश क्षेत्र को जिला मुख्यालय से सीधे जोड़ने के लिए चंपावत-गौड़ी-किमतोली सड़क सुधारने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह महर, रजत तड़ागी, हरीश चौधरी, मोहन बिष्ट, विनोद बर्मा, सोनू तिवारी, रमेश मनराल आदि रहे।