किमतोली खालगढ़ा के सीमा क्षेत्रीय दीप महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। गुमदेश के किमतोली खालगढ़ में सीमा क्षेत्रीय दीप महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। लोक कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। मुख्य अतिथि लोहाघाट के चेयरमैन गोविंद वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक ने शनिवार को सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष शिक्षाविद माधो सिंह अधिकारी ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न दे सम्मान किया। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के दल नायक भैरव राय के नेतृत्व में आए कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया।
कलाकारों ने दैंणा होया खोली का गणेशा हो वंदना से कार्यक्रमों की शुरुआत की। कलाकारों की प्रस्तुति ओ भिना कसिके जानूं द्वारहाटा, कांछ तेरो जलेबी को डाब ओ हिमा जाग, साथ ही स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। संजय पांडेय ने संचालन किया। इस मौके पर मोहित पांडेय, शिवराज अधिकारी, सरिता अधिकारी, राजीव सगटा, मदन कलौनी आदि थे।