बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी की पावर चैनल (बड़ी नहर) में मंगलवार शाम अज्ञात व्यक्ति का सड़ागला शव बरामद हुआ, जिसे पंचनामे के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर भिजवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सीआईएसएफ कर्मियों ने मंगलवार शाम एनएचपीसी की टनकपुर पावर स्टेशन की पावर चैनल में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। इस आधार पर शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत ने शव कब्जे में लिया। पंचनामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर भेज दिया। उन्होंने बताया कि शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे मोर्चरी में रखा जाएगा।
शिनाख्त न होने पर इस अवधि के बाद ही अंत्येष्टि की जाएगी। बताया कि मृतक की आयु करीब 35 वर्ष लग रही है। शव सड़ीगली हालत में है। हालांकि शव पर चोट के निशान नहीं हैं। डीसीआरबी, आसपास के पुलिस थाना, चौकी और नेपाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। शव टनकपुर या उससे ऊपर पर्वतीय क्षेत्र से बहकर आने की आशंका है।