फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उनके लिए काल बन गए वे 11 मिनट...

विज्ञापन
टनकपुर में रेलवे मार्ग पर गिरे भारीभरकम पेड़ के नीचे दबे लोगों को निकालने में लगी पुलिस और अग्निश - फोटो : TANAKPUR
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। करीब पौने सात बजे का वक्त। आसमान में बादल और फिर तेज हवा के बाद अंधड़। मुश्किल से 11 मिनट अंधड़ रहा लेकिन इन 11 मिनटों ने यहां रेलवे लाइन के पास गिरे भारीभरकम पेड़ ने शहर में हलचल मचा दी। दो परिवारों के लिए ये वक्त जिंदगी पर भारी पड़ गया। बरेली के संजयनगर से आए 17 साल के मोहित कश्यप और न्यूरिया के मोहम्मद उमर उसी वक्त वहां से गुजर रहे थे। मोहित कश्यप पैदल थे जबकि उमर अपने भाई के साथ ई-रिक्शा से जा रहे थे। ये दोनों छह अन्य लोगों के साथ उस पाकड़ के पेड़ के नीचे दब गए। दोनों की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। बस 11 मिनट पहले वे भविष्य के सपने बुन रहे थे लेकिन एक अंधड़ ने सब कुछ खत्म कर दिया।
विज्ञापन

मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ राहत का काम
टनकपुर (चंपावत)। अंधड़ आने के बाद ज्यों ही पेड़ गिरा, शहर की बिजली भी गुल हो गई। रात का वक्त और अंधेरा। ऐसे मौके पर राहत कार्य करना बिल्कुल भी आसान नहीं। ऐसे में पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम ने रोशनी की अन्य व्यवस्थाओं के अलावा मोबाइल टॉर्च के उजाले का भी सहारा लिया। लोगों ने भी नागरिक धर्म निभाते हुए मदद में हाथ बंटाया।
पेड़ गिरने से तीन मिनट पहले डेढ़ सौ श्रद्धालु गुजरे थे
टनकपुर (चंपावत)। अगर ये हादसा तीन मिनट पहले होता, तो बहुत बड़ी अनहोनी हो सकती है। लोग कह रहे हैं कि पूर्णागिरि देवी मां की कृपा से बड़ी दुर्घटना बच गई। हुआ यह कि भारीभरकम पेड़ गिरने से बमुश्किल सवा तीन मिनट पहले इस स्थान से डेढ़ सौ श्रद्धालु गुजरे थे। ये जत्था यूपी के अलग-अलग जगहों से आया था। इसमें छोटे बच्चे और महिलाओं की संख्या काफी ज्यादा थी। देवी दर्शन की हसरत के साथ वे अपनी धुन में आगे बढ़ रहे थे। इस स्थान से कुछ आगे पहुंचे ही कि तीन मिनट बाद जोर की आवाज के साथ विशालकाय पेड़ जमींदोज हुआ। ऐसा लगा कि कहीं भूकंप आ गया है। जब तक पेड़ काटकर इस बात की पुष्टि नहीं कर ली गई कि पेड़ के नीचे आठ ही लोग थे, ये आशंका बनी थी कि दबने वालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु या अन्य लोग न हो। वैसे भी इन दिनों पूर्णागिरि मेले के लिए एक मेला स्पेशल रेल गाड़ी के अलावा सात अन्य रेल सेवाएं चल रहीं हैं।
विज्ञापन

मृतकों का आज होगा पोस्टमार्टम
टनकपुर (चंपावत)। विशालकाय पेड़ के नीचे दबने से हताहत दोनों लोगों का पोस्टमार्टम उप जिला अस्पताल में शुक्रवार को होगा। मृतकों के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। दोनों मृतक यूपी के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पतालों तक लोगों की भीड़ जमी रही।
चंपावत से निगरानी करते रहे एसपी
टनकपुर (चंपावत)। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी देवेंद्र पींचा ने पल-पल की सूचना टनकपुर से ली। उन्होंने जल्द से जल्द अधिकारियों को राहत करने के निर्देश दिए। राहत और बचाव की टीम के साथ अस्पताल प्रबंधन से भी समन्वय करते रहे। वहीं बचाव कार्य में हेड कांस्टेबल राजेंद्र मेहरा, राकेश जुकरिया, सुरेश मेहरा, विपुल भट्ट, सागर चंद्र, चतुर सिंह आदि ने बेहतरीन कार्य किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें