बनबसा (चंपावत)। शारदा नहर में धनुषपुल के पास एक बुजुर्ग का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा होगा। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बुधवार सुबह ग्राम पंचायत देवीपुरा के प्रधान दीपक चंद ने पुलिस को सूचना दी कि धनुषपुल के पास नहर में एक ग्रामीण बह रहा है। इस पर शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई ललित मोहन पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त ग्राम मझगांव देवीपुरा निवासी धर्मपाल सिंह (75) पुत्र स्व. बाबू पाल सिंह के रूप में हुई।
बताया गया कि धर्मपाल सुबह किसी काम से साइकिल से बाजार के लिए घर से निकले थे। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इस बारे में किसी को कुछ नहीं पता। साइकिल भी नहर में गिरी मिली है। बताया गया कि मृतक की दो बेटियां हैं, दोनों की शादी हो चुकी है और उसकी पत्नी का भी निधन हो चुका है। उनक बेटा पवन पाल गुजरात में कार्य करता है उसे सूचना भेज दी गई है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा।
संवाद
नदी में लापता पूर्ति निरीक्षक सहित दो लोगों का नहीं चला पता
धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला-तवाघाट सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होकर काली नदी में गिरे वाहन काे पोकलेन की मदद से निकाल लिया गया है। दुर्घटना के बाद लापता पूर्ति निरीक्षक और एक अन्य व्यक्ति का पता नहीं चल सका है। दुर्घटना में मृत महिला का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
बता दें कि सोमवार देर रात दारमा घाटी के दुग्तू गांव में राशन पहुंचाकर धारचूला लौट रहे पूर्ति निरीक्षक पुष्कर बोनाल का वाहन चैतुलधार के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर काली नदी में गिर गया था। वाहन में सवार सरस्वती देवी उर्फ सरू का शव मंगलवार की सुबह बरामद हो गया था जबकि पूर्ति निरीक्षक पुष्कर बोनाल और मंगल बोनाल लापता हैं।
बुधवार को एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस के जवानों के साथ बोन गांव के युवाओं ने खोजबीन अभियान चलाया। पोकलेन की मदद से काली नदी में गिरे वाहन को निकाला गया। वाहन के पूरी तरह से परखच्चे उड़े हुए हैं। इस अवसर पर धारचूला कोतवाली प्रभारी केएस रावत मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार लापता लोगों की खोजबीन का कार्य जारी रहेगा।