पूर्णागिरि धाम/टनकपुर (चंपावत)। उत्तर भारत के प्रमुख मां पूर्णागिरि मेला नजदीक आते ही आस्था का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया है। मेला शुरू होने में अभी चार दिन शेष हैं। शुक्रवार सुबह बैरियर में वाहनों की लंबी लाइन लगने लगी है। मुख्य मंदिर में लंबी लंबी लाइन में लगकर श्रद्धालु मां के दर्शन किए। मां के जयकारों से धाम क्षेत्र भक्ति में डूबने लगा है।
बता दें कि होली के तत्काल बाद से आरंभ होने वाले मेले में जिला पंचायत, प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य, सुरक्षा के इंतजाम किए जाते हैं। मेला नजदीक आते ही धाम क्षेत्र में ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक जगह-जगह रैन बसेरा, लाइटिंग, पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य जारी है। मेला क्षेत्र में ठुलीगाड़ में रैन बसेरा, भंडारे के लिए स्थान, पार्किंग, अस्थायी पुलिस चौकी आदि तैयार हो गए हैं। धाम में धर्मशाला और व्यापारियों की पूजा सामग्री की दुकानों आदि में श्रद्धालुओं के रुकने के लिए तैयार हो गए हैं।
मां के दरबार में मन्नत मांगने के लिए बिहार के खगड़िया हो या बदांयू, बरेली, शाहजहांपुर के साथ ही नेपाल से भी आए श्रद्धालु छोटे-छोट बच्चों के साथ मां के जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे। दिन भर धाम क्षेत्र में मां के जयकारों की गूंज रही। अब मेले के आगाज तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने से पुजारियों और व्यापारियों के भी चेहरे खिल गए हैं। भैरव मंदिर के पास वाहन पार्किंग भी फुल नजर आई। संवाद
भक्तिमय हुआ माहौल
टनकपुर। मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ की पूजा के लिए भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम बढ़ने से माहौल भक्तिमय हो गया है। ब्रह्मदेव मंडी बाजार में व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। वहीं मंदिर समिति के सचिव मोती सिंह ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के के लिए पेयजल, लाइट आदि व्यवस्थाओं को पूरा कर दिया है। संवाद
सुरक्षा होगी कड़ी, पीएसी की एक कंपनी पहुंची
टनकपुर। मां पूर्णागिरि मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक कंपनी पीएसी की आमद हो गई है। सुरक्षा बल आने की सूचना मिलते ही मेला अधिकारी भगवत पाटनी और सीओ शिवराज सिंह राणा ने मेला क्षेत्र में उनके आवास आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेला अधिकारी ने बताया कि पीएसी की तीन बटालियन में एक ठुलीगाड़, शेष दो कंपनी भैरव मंदिर आदि क्षेत्र में तैनात रहेगी। इस बीच अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। बताया कि ठुलीगाड़ से मुख्य मंदिर तक लाइटिंग का कार्य पूरा हो गया है, 24 मार्च से बिजली की रोशनी चालू करा दी जाएगी। संवाद