टनकपुर में खाद पहुंचते ही लगी खरीदारों की भीड़।संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। यहां साधन सहकारी समिति में खाद पहुंचते ही किसानों की भीड़ जुट गई। इससे जाम लग गया। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ नियंत्रित की। साधन सहकारी समिति में करीब एक सप्ताह से खाद नहीं थी। मंगलवार को समिति में खाद पहुंचते ही वहां खरीदारों की भीड़ जुटने लगी।
पहले खाद लेने के लिए अनियंत्रित भीड़ से वहां जाम लग गया। इससे साधन सहकारी समिति कर्मियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ नियंत्रण करने में मशक्कत करनी पड़ी।
बताया गया कि रेलवे रैक से रुद्रपुर पहुंचे खाद कट्टों को वहां से टनकपुर के लिए कैंटर से लाया गया। बनबसा में 650 कट्टे एवं टनकपुर में 600 कट्टे उतारे गए हैं। समिति में खाद पहुंचने की सूचना पर वहां किसानों की भीड़ उमड़ने लगी।
टनकपुर के आसपास के गांव के अलावा थपलियालखेड़ा, बस्तिया, श्यामलाताल, सूखीढांग, पूर्णागिरि, बनबसा के किसान टनकपुर साधन सहकारी सामिति में खाद खरीदने उमड़ गए। समिति सचिव दीनानाथ वर्मा ने बताया कि समिति में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
किसान खाद खरीदने के लिए लाइन नहीं लगा रहे थे, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था रही। पुलिस ने किसानों को लाइन लगाने के लिए कहा। तभी किसानों को आसानी से खाद बेची गई।