चंपावत में चोरी की घटनाएं रोकने को लेकर पुलिस से वार्ता करते व्यापार संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय में बुधवार रात चोरों ने एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में धावा बोला। चोर दुकान से मोबाइल रिचार्ज, कुछ नकदी और आठ महंगे फोन ले उड़े। घटना की जानकारी दुकान स्वामी को बृहस्पतिवार की सुबह हुई।
जीआईसी चौक पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकान चलाने वाले पवन त्रिपाठी बुधवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे जब वह टहलने जा रहे थे तो उन्होंने अपनी दुकान का शटर कटा पाया। दुकान के अंदर से मोबाइल रिचार्ज, कुछ नकदी और आठ महंगे फोन गायब मिले। व्यापारी की ओर से तत्काल पुलिस को जानकारी देने के साथ ही चोरी की तहरीर सौंपी गई। इसमें दुकान में सैमसंग, वीवो, माइक्रोमैक्स और इंटेक्स कंपनी के मंहगे फोन के साथ रिचार्ज कूपन और दुकान में रखी हजारों की नकदी चोरी होने की शिकायत की है। कोतवाली पुलिस ने मामले में चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई राजेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस दल ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
व्यापारियों ने कोतवाली में जमकर काटा हंगामा
मुख्यालय में चोरी की घटना से नाराज व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बावजूद व्यापारी 72 घंटे में मामले का खुलासा करने की जिद पर अड़ गए। बाद में सभी व्यापारी एसपी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने एसपी आरसी राजगुरु से मुलाकात की और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की। व्यापारियों ने चौराहों और बाजार के मुख्य हिस्सों में सीसीटीवी लगाने की मांग भी उठाई। एसपी ने व्यापारियों को चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, सचिव नवल जोशी, कोषाध्यक्ष मुकेश गिरि, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, नारायण दत्त गड़कोटी आदि मौजूद थे।