सेना की सेकेंड ग्रिनेडियर बटालियन की ओर से आयोजित शौर्यचक्र प्राप्त सैनिक मनोज सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट चैंपियनशिप पर स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर ने कब्जा जमाया। मंदीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और संदीप सक्सेना को मैन आफ द मैच का खिताब दिया गया। बतौर मुख्य अतिथि सेना के मेजर जनरल उत्तरी कमान (वीएसएम) पीपीएस भाकुनी ने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियाें को पुरस्कार दिए। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्राआें ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। शनिवार को फाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स स्टेडियम और राणा क्लब नौगवांठग्गू खटीमा के बीच हुआ। मेजर जनरल भाकुनी ने भी दर्शक दीर्घा में बैठकर पूरे मैच का लुत्फ उठाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम ने 7 विकेट गवांकर 150 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी बल्लेबाजी में नौगवांठग्गू की टीम 76 रन के स्कोर पर आल आउट हो गई। मैच के निर्णायक संजय चौहान और अनिल जोशी थे। दीपक पांडेय ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। समापन पर मेजर जनरल भाकुनी ने शहीद मनोज की पत्नी आशा देवी और पिता मोहन सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर ब्रिगेडियर एमएन विटेकर, कमांडर कर्नल सीएस भाटी, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, सीओ पीएस पांगती, मेजर अमित शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, रिटायर्ड ब्रिगेडियर पुष्कर चंद, भाजपा नेता राजू भंडारी आदि मौजूद थे।