एसएसबी ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली यात्री बस में लाखों रुपये मूल्य का थर्डकंट्री गुड्स पकड़कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया सामान काठमांडू से दिल्ली को ले जाया जा रहा था।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के जवान प्रभारी कमांडर एसआई पूनम सुरीन के नेतृत्व में बीओपी पर सघन चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच नेपाल से आ रही यात्री बस (4 ख 9044) की तलाशी में काठमांडू निवासी कुनचौक थौरचिन के पास तीन बड़े बैग मिले। बैग खोलने पर उसमें बड़ी संख्या में थर्डकंट्री मेड एडीडॉस, नाइक के फुटवियर (जूते-चप्पल) और जींस पैंटें बरामद हुई। प्रभारी कमांडर ने बताया कि नेपाली व्यक्ति इस सामान को दिल्ली में मजनूका टीला नामक स्थान पर बेचने के लिए ले जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सामान 1,98,000 रुपये मूल्य का है। कस्टम ने नेपाली व्यक्ति पर कस्टम एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे छोड़ दिया। बता दें कि कस्टम एक्ट के तहत पांच लाख रुपये से अधिक की तस्करी पर ही अभियुक्त को हिरासत में लिया जाता है।