रीठासाहिब थाना अंतर्गत परेवा गांव के एक युवक को ऑनलाइन शापिंग के झांसे में लेकर साइबर ठगों ने चार हजार रुपए का चूना लगा दिया। ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर डाक के माध्यम से भेजे गए पार्सल में मोबाइल की जगह कूड़ा करकट भरा मिला। पीड़ित अब इस मामले को लेकर पुलिस और उपभोक्ता फोरम में अपनी गुहार लगाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले पाटी विकासखंड के परेवा ग्राम पंचायत निवासी लक्ष्मण सिंह परवाल के मोबाइल पर किसी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का फोन आया। फोन करने वाले ने लक्ष्मण सिंह को बताया कि कंपनी की ओर से चलाए एक अभियान में उनका चयन मोबाइल फोन ऑफर के लिए हुआ है। जिसके तहत उन्हें सैमसंग गैलेक्सी का फोन जिसकी वर्तमान कीमत बाजार में 18 हजार रुपए है, केवल चार हजार रुपए में दिया जाएगा। जिस पर लक्ष्मण ने तत्काल हामी भरते हुए अपना नाम पता संबंधित फोन करने वाले को लिखवा दिया। सोमवार को डाकघर की ओर से उसके नाम वीपीपी आने की सूचना पर जब वह डाकघर में पहुंचा तो उसके होश फाख्ता हो गए। कई लोगों के सामने खोले गए पार्सल के अंदर मोबाइल फोन के बजाए केवल कूड़ा करकट भरा हुआ था। लक्ष्मण का कहना है कि वह इस मामले को लेकर पुलिस में साइबर ठगी का मामला दर्ज कराने के साथ ही उपभोक्ता फोरम में भी उठाएगा।
अब ऑनलाइन कंपनी का नहीं उठ रहा फोन
चंपावत। साइबर ठगी का शिकार बने लक्ष्मण सिंह परवाल के अनुसार पार्सल में मोबाइल न निकलने पर उन्होंने संबंधित कंपनी के नंबर पर फोन किया तो दूसरी ओर से फोन ही नहीं उठाया जा रहा है।