बस्तिया गांव के पास सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत के बाद अब पुलिस ने बाइक दौड़ने वाले नाबालिगों एवं बगैर हेलमेट चलने वालों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने चेकिंग कर तीन ऐसी बाइकों को सीज किया है, जिन्हें नाबालिग चला रहे थे, जबकि बगैर हेलमेट दो कोर्ट के और छह नगद चालान काटे हैं।
तीन दिन पहले बुधवार को टनकपुर-चंपावत एनएच पर बाइक सवार दो छात्रों की मौत की घटना से पुलिस की सतर्कता को लेकर भी सवाल उठने लगे थे, जिसके बाद अब पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर पुलिस बाइक दौड़ाने वाले नाबालिगों को लेकर सख्त हो गई है। शुक्रवार को उप निरीक्षक हरी राम महर के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने जगह-जगह चेकिंग की। उप निरीक्षक महर ने बताया कि चेकिंग में बाइक चलाते मिले तीन नाबालिगों की बाइक सीज की गई है।
इसके अलावा बगैर हेलमेट बाइक दौड़ाने वाले दो लोगों के कोर्ट चालान और छह के नगद चालान काटे गए हैं। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने वालों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।