जिला मुख्यालय का गोरलचौड़ आंगनबाड़ी केंद्र इन दिनों अराजकतत्वों के निशाने पर है। मंगलवार रात एक बार फिर अराजकतत्वों ने आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़ा। उन्होंने चोरों ने केंद्र में रखे गए संकुल संसाधन केंद्र खर्ककार्की के कई अभिलेख फाड़ दिए और केंद्र में रखा सामान बिखेर दिया। घटना की जानकारी बुधवार को स्कूल खुलने पर हुई। एक पखवाड़े के भीतर आंगनबाड़ी केंद्र में अराजकतत्वों की दूसरी वारदात से खलबली मची है। पुलिस जहां अभी पहली घटना का पर्दाफाश भी नहीं कर पाई थी कि अराजकतत्वों ने उसे चुनौती देते हुए दूसरी घटना की। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया है।
केंद्र में 31 अगस्त को भी दरवाजे का कुंडा तोड़कर सामान बिखेरा था, जिसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र के कुंडे और दरवाजों को और अधिक मजबूत किया गया था। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर कार्यकत्री शशिप्रभा, सहायिका दीपा नाथ, शिक्षक मुकेश वर्मा आदि ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया। बाजार चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह के अनुसार विवेचना का कार्य जारी है।
गैस खत्म होने से नहीं बन सकी खिचड़ी
आंगनबाड़ी केंद्र में घुसे अराजकतत्व बेहद इत्मीनान में रहे। उन्होंने केंद्र का ताला तोड़ने के बाद वहां रखी खाद्य सामग्री से खिचड़ी पकाने का प्रयास भी किया, लेकिन केंद्र का गैस सिलेंडर खत्म होने पर खिचड़ी आधी ही पक सकी। अराजकतत्वों ने खिचड़ी खाने के लिए पानी का इंतजाम किया था।
अब तक हो चुकी हैं चोरी की छह वारदात
जिले में जनवरी से अब तक चोरी की छह से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार अब तक चोरी की तीन, नकबजनी की छह और वाहन चोरी की तीन वारदातें हुई हैं, जिसमें दो मोटर साइकिल और एक जीप शामिल है, जबकि वर्ष 2014 में चोरी की चार, नकबजनी की एक और वाहन चोरी की एक वारदात हुई थी।