गोरलचौड़ आंगनबाड़ी केंद्र पुलिस की बाजार चौकी से एक किलोमीटर दूर भी नहीं है, लेकिन यहां 12 दिन में तीसरी बार चोरी हो गई। चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं, फिर भी पुलिस मामले का खुलासा करना तो दूर, मुकदमा दर्ज करने में भी गुरेज कर रही है। बुधवार की रात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र का दरवाजा तोड़कर सामान चोरी कर लिया। इससे पहले आठ सितंबर और 30 अगस्त को भी इसी केंद्र में चोरी हुई थी।
गोरलचौड़ आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी शशिप्रभा बृहस्पतिवार को केंद्र पर पहुंची, तो हालात ठीक एक दिन पूर्व बुधवार जैसी थी, केंद्र का दरवाजा तोड़ा गया था। अलबत्ता कुंडी में ताला जस का तस था। केंद्र के एक कंप्यूटर का मानीटर और सीपीयू को टेबल से हटाकर जमीन पर रखा गया था। दाल, सूची और मड़ुवे का आटा बिखरा हुआ था। कमरे में पांव के निशान भी बने थे। सीआरसी के रजिस्टरों को अलमारी से निकालकर बिखेरा था। अलबत्ता कुछ थाली और गिलास गायब हैं। वारदात की जानकारी पुलिस और जिला कार्यक्रम विभाग के अधिकारियों को दी गई है।
तीन घटनाओं के बावजूद दर्ज नहीं हुई एफआईआर
गोरलचौड़ आंगनबाड़ी केंद्र में 30 अगस्त से अब तक तीन बार वारदात हो चुकी हैं। तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वारदात की वजह पता नहीं चल पा रही है। अलबत्ता शरारती तत्वों द्वारा तंग करने की मंशा से इस तरह की हरकत करने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। प्रभारी का कहना है कि जल्द ही इसमें लिप्त तत्वों का सुराग लगा लिया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्र में तोड़फोड़ और चोरी मामले में सुराग लगाने के पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। रात की गश्त को और तेज करने को भी कहा गया है। -दिलीप सिंह कुंवर, पुलिस अधीक्षक, चंपावत।