टनकपुर (चंपावत)। शारदा टापू में मंगलवार की शाम मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव नेपाल निवासी श्यामराज भट्ट का है। शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। श्यामराज की महेंद्रनगर बाजार में दुकान है। वह निर्माणाधीन मकान के लिए लकड़ी का सौदा करने ब्रह्मदेव कस्बे में आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मंगलवार को लकड़ी बीनने वाले कुछ युवकों ने पुलिस को शारदा पार टापू में एक युवक का शव होने की सूचना दी। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह फोर्स के साथ राफ्ट से शारदा पार कर मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लिया। बताया गया कि मृतक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। कोतवाल ने बताया कि मृतक की जेब से उसका ड्राइविंग लाइसेंस मिला, जिससे उसके नेपाली नागरिक होने का पता चला। नेपाल पुलिस के माध्यम से सूचना मिलने के बाद बुधवार की सुबह मृतक के परिजन और रिश्तेदार टनकपुर कोतवाली पहुंचे और शव की पहचान की। नेपाल के बैलोरी नगर पालिका वार्ड दस का निवासी श्यामराज भट्ट (35) पुत्र बलदेव भट्ट है। महेंद्रनगर में कैंपस रोड गली नंबर तीन में उसकी प्रभात कम्युनिकेशन नाम से दुकान है। परिजन और रिश्तेदारों ने बताया कि श्यामराज अपने निर्माणाधीन मकान के लिए लकड़ी का सौदा करने करीब एक लाख रुपये लेकर ब्रह्मदेव आया था, लेकिन फिर घर नहीं लौटा।
तो कहां गए एक लाख रुपये
परिजन और रिश्तेदारों की बात सही है तो फिर लकड़ी का सौदा करने आए श्यामराज के एक लाख रुपये कहां गए? क्या श्यामराज ने लकड़ी का सौदा कर लिया था या फिर रुपये लूटने की नियत से ही किसी ने उसकी हत्या कर दी? ये सवाल युवक की हत्या की आशंका को मजबूत बना रहे हैं।