चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र में एक विवाहिता द्वारा खुदकुशी किए जाने मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की बहन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय से करीब 39 किलोमीटर दूर तल्लादेश क्षेत्र के रमैला ग्राम पंचायत में हरिद्वार श्यामपुर निवासी दीपा देवी (24) पत्नी ओम प्रकाश ने 13 जनवरी को एक पेड़ में फंदा डाल आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के अनुसार करीब चार साल पूर्व दीपा का हरिद्वार (श्यामपुर) में विवाह हुआ था। वह कुछ दिन पहले हरिद्वार से अपने मायके रमैला गांव में आई हुई थी। मृतका की बहन शांति देवी ने मंगलवार को तामली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहिन दीपा देवी ने पति व अन्य ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर अपनी जान दी है।
तहरीर में शांति देवी ने कहा है कि दीपा ससुरालियों की हरकतों से काफी परेशान थी थानाध्यक्ष गोविंद बल्लभ भट्ट ने बताया कि शांति देवी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मृतका के पति ओम प्रकाश, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 बी व 498 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।