बनबसा (चंपावत)। एसओजी और पुलिस की टीम ने एक व्यक्ति से करीब डेढ़ किलो चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। साथ ही उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।
एसपी आरसी राजगुरु और सीओ आरएस रौतेला के निर्देश पर एसओजी प्रभारी एसआई विनोद यादव, थानाध्यक्ष मनीष खत्री, एसआईवी नैन राम विश्वकर्मा, कांस्टेबल बृजेश कुमार, एसओजी कांस्टेबल कमल धानिक, नवल किशोर, दीपक प्रसाद मुखबिर की सूचना पर शनिवार रात चरस तस्कर की तलाश में थे। इस दौरान पुलिस ने एनएचएआई किनारे फागपुर और सेना छावनी के पास टनकपुर की ओर से आ रही एक बाइक को रोका। तलाशी लेने पर पुलिस को टीवीएस विक्टर (यूपी 11 पी/4543) बाइक पर सवार के पिट्ठुबैग में छुपाकर रखी 1 किलो 400 ग्राम चरस मिली। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति चंपावत के ग्रामपंचायत दूधपोखरा के शक्तिबुंगा गांव निवासी हेमराज सिंह बोहरा के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/20/60/32 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।