बनबसा (चंपावत)। शारदा नहर किनारे स्नान घाट की सीढ़ियों पर विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस आशंका जता रही है कि शारदा बैराज पुलिस द्वारा की जा रही सघन चेकिंग से घबराकर कोई व्यक्ति विस्फोटक सामग्री को वहां छोड़ गया। बरामद विस्फोटक आमतौर पर सड़क निर्माण के दौरान किए जाने वाले विस्फोट में काम आता है। इसके मद्देनजर पुलिस अनुमान लगा रही है कि कोई नेपाली मजदूर इस सामग्री को लेकर आया होगा।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को देर शाम पुलिस को शारदा बैराज के किनारे स्नानघाट की सीढ़ियों से विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। यह सामग्री एक पॉलीबैग और एक रुमाल में रखी हुई थी। सीढ़ियों पर इस विस्फोटक सामग्री को कौन और क्यों रख गया इस बारे में पुलिस कुछ पता नहीं लगा पाई है।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि बरामद हुई विस्फोटक सामग्री में 16 मीटर डेटोनेटर, 3.3 मीटर फ्यूज वायर (डेटोनेटर में लगाए जाने वाला वायर) और 8 सैल (7 सैल न्यूजैल और 1 सैल टेलवेक्स) शामिल हैं।
उन्होंने ने बताया कि शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने 5/9 ख विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच एसआई गोविंद सिंह को सौंपी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि डीएम और एसपी के निर्देश के बाद शीघ्र ही रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) से विस्फोटक निरोधक दस्ते को बुलाकर उक्त विस्फोटक सामग्री को नष्ट कराया जाएगा।