चंपावत। दीपावली से ठीक पूर्व शराब की तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए गए छापेमारी अभियान में शुक्रवार को लोहाघाट में तीन अलग अलग दुकानों से 42 बोतल शराब बरामद की गई। यहीं नहीं अभिलेखों संबंधी अनियमितता पर लोहाघाट नगर स्थित अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानों का चालान किया गया।
आबकारी दल ने लोहाघाट में खेतीखान चौराहे, हिलटल मार्केट और डाक बंगला रोड में चल रहे होटल और ढाबों में भी छापेमारी की। इस दौरान तीन अलग अलग दुकानों से साढ़े तीन पेटी अवैध शराब बरामद की गई। आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान में अधिक मूल्य में शराब बेचे जाने के मामले तो नहीं पाए गए। लेकिन दुकान के अभिलेखों के रखरखाव में अनियमितता पाए जाने पर दोनों दुकानों का चालान काटा गया। निरीक्षक ने बताया कि विभाग की ओर से औचक छापेमारी का अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। छापेमारी अभियान में विभाग के भगवती प्रसाद भट्ट और जगवती आदि भी शामिल रहे।