टनकपुर (चंपावत)। विष्णुपुरी कॉलोनी में रविवार रात हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस चोरों की सुरागकशी में जुटी है, लेकिन पुलिस को अब तक चोरों के बारे में कोई अहम सुराग नहीं मिल पाया है।
अलबत्ता पांच संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं, चोरों को पकड़ने में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हर हाल में चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
चोरों ने शहर से लगी विष्णुपुरी कॉलोनी में प्रेम दत्त शर्मा के घर में धावा बोल कर अलमारी के लॉकर में रखे पांच तोला वजन के स्वर्ण आभूषण एवं 25 हजार रुपये की नकदी साफ कर ली थी। उसी रात चोरों ने घसियारा मंडल में एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी आल्टो कार के दरवाजे का लॉक तोड़कर टेप भी चुराया है।
इधर, पीड़ित प्रेम दत्त शर्मा ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।