टनकपुर (चंपावत)। वन्यजीवों की गणना और उनके मूवमेंट का पता लगाने को शारदा रेंज में लगाए गए चार सीसी कैमरे चोरों ने उड़ा लिए। इससे वन विभाग में हड़कंप मचा है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून (डब्ल्यूआईआई) एवं विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) द्वारा शारदा रेंज के जंगल में वन्यजीवों के मूवमेंट और उनकी गणना के लिए सीसी कैमरे लगाए हैं। शनिवार को जंगल में लगे चार कैमरों के चोरी होने का पता चला तो वन रक्षक पुष्पेंद्र राणा ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार ने बताया कि रेंज के सेनापानी एवं कलौनिया क्षेत्र के जंगल से चार कैमरे चोरी हुए हैं। कोतवाली में घटना की लिखित सूचना देने के साथ विभाग की टीम को चोरों की सुरागकशी में लगाया गया है। उन्होंने अंदेशा जताया कि कैमरे चुराने में वन तस्करों की लिप्तता हो सकती है। खबर लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।