चंपावत। कोई अज्ञात व्यक्ति चंपावत डीएम के नाम पर लोगों को मैसेज कर ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। मामले के सामने आने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी देवेंद्र पींचा का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। डीएम विनीत तोमर ने बताया कि कोई अनजान व्यक्ति मोबाइल नंबर 9713406469 से डीएम चंपावत के नाम से मैसेज कर रहा है तथा अपने आप को डीएम बताकर ब्लैक मेल करने एवं पैसे हड़पने को कोशिश कर रहा है।
इस संबंध के कई अधिकारियों को मैसेज मिले हैं। डीएम विनीत तोमर ने समस्त अधिकारियों एवं नागरिकों से कहा कि वे ऐसे किसी कॉल या मैसेज के झांसे में न आएं। यदि उन्हें कोई मैसेज या कॉल करनी होगी तो वह उनके आधिकारिक नंबर से ही की जाएगी। डीएम ने बताया कि इस फ्रॉड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। एसपी ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।
डीडीएमओ से की गई 10 लाख रुपये की मांग
चंपावत। डीएम विनीत तोमर के नाम से फर्जी आईडी के माध्यम से ब्लैकमेल करने का प्रयास करने के आरोपी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) को सोशल मीडिया के माध्यम से मैसेज भेज कर डीएम के मीटिंग मेें व्यस्त होने और इमरजेंसी में 10 लाख रुपये की आवश्यकता होने की जानकारी दी। इसके अलावा आरोपी की ओर से डायट के पूर्व प्राचार्य सहित कई अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी मैसेज भेज कर धनराशि की मांग की गई। संवाद