चंपावत/लोहाघाट। जिला मुख्यालय में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के सात कर्मचारियों के एक साथ संक्रमित मिलने के कारण शुक्रवार को बैंक बंद करना पड़ा। कुछ दिन पहले बैंक के सभी कर्मचारियों के कोरोना सैंपल भेजे गए थे। इसमें सात कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। पॉजिटिव आने के कारण शुक्रवार को बैंक को सैनिटाइजेशन के लिए बंद करना पड़ा। नगर पालिका के कर्मचारियों ने बैंक को सैनिटाइज किया। बैंक के प्रभारी प्रबंधक केके जोशी ने बताया कि बैंक के सात कर्मचारियों की रिपोर्ट आ जाने के कारण शुक्रवार को बैंक बंद करना पड़ा।
वहीं लोहाघाट के उप जिला अस्पताल के पांच डॉक्टरों सहित कुल 11 लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोरोना के लगातार मामले बढ़ने के बावजूद लोग कोविड नियमों का सख्ती से पालन नहीं कर रहे हैं। उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि अस्पताल के पांच डॉक्टर और छह पैरामेडिकल कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसलिए शुक्रवार को पूरे अस्पताल को सैनिटाइज किया गया। डॉ. जुनैद ने लोगों से सुरक्षित दूरी का पालन करने, मास्क लगाने, भीड़ वाले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है। वहीं बाजारों में आने वाले लोग कोरोना नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। कोविड गाइडलाइन का पालन कराने में पुलिस प्रशासन भी लापरवाही बरत रहा है।
बनबसा, टनकपुर में चार दिनों में 21 संक्रमित
बनबसा/टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्र में पिछले चार दिनों में 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. मो. उमर ने बताया कि पिछले चार दिनों में 987 आरटीपीसीआर, 750 एंटीजन टेस्ट हुए। इस अवधि में नेपाल से भारत आने वाले 1219 लोगों में से दो संक्रमितों को नेपाल वापस भेजा गया। इसमें 987 आरटीपीसीआर एवं 750 एंटीजन जांच हुई।