पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र की बीएसएनएल की संचार सेवा मीटर में आग लगने के कारण तीन दिन से ठप है। इससे श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने संचार सेवा को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
पूर्णागिरि क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा 12 दिसंबर से ठप है। इस कारण कारोबारी, क्षेत्र के लोगों के अलावा श्रद्धालुओं को संचार संपर्क के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान पंडित मथुरा दत्त पांडेय का कहना है कि एक निजी टेलीकॉम कंपनी की संचार सेवा तो कुछ हिस्सों में काम कर रही है लेकिन क्षेत्र में अधिकांश उपभोक्ता बीएसएनएल के होने से अधिकांश लोग परेशान हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, मोहन पांडे, सुरेश तिवारी, खीमानंद, हीरा सिंह, जगदीश तिवारी, प्रकाश आदि ने जल्द से जल्द संचार सेवा के सुधार की मांग की है। बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि टावर में लगे मीटर के आग से क्षतिग्रस्त होने से संचार सेवा पर असर पड़ा है। इसे ठीक कराया जा रहा है।