मीना भट्ट, ग्राम प्रधान, बालातड़ी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले के पाटी विकासखंड में करौली मोटर मार्ग को बालातड़ी मोटर मार्ग से जोड़े जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्राम पंचायत बालातड़ी की खुली बैठक में मोटर मार्ग मिलान संबंधी प्रस्ताव पूर्व में ही सर्व सम्मति से पारित किया जा चुका है। इसके बाद भी लोक निर्माण विभाग की ओर से सर्वे की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्राम प्रधान मीना भट्ट का कहना है कि करौली मोटर मार्ग से बालातड़ी जीआईसी तक करीब पांच किमी लंबाई के मोटर मार्ग के नहीं बनने से करीब तीन हजार से अधिक की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करौली मोटर मार्ग से बालातड़ी गांव के पुरमल्ला, मथियाकुमड़, देवाधार, धरौली आदि तोकों को जोड़ते हुए जीआईसी बालातड़ी, जितकांल्ला तोक से मुख्य मार्ग बालातड़ी में मिलान किए जाने से आम लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को राहत मिलेगी।
इस संबंध में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को ज्ञापन भेजा गया है। इसमें क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कतों को देखते हुए मोटर मार्ग के निर्माण की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वालों में पानदेव भट्ट, गंगा दत्त, लक्ष्मी दत्त, त्रिलोचन, झुपदेव, मोहन चंद्र, भगीरथ भट्ट और प्रेमबल्लभ आदि ग्रामीण शामिल हैं।