लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में मंगलवार रात हुई मारपीट की दो घटनाओं की जांच बदलकर लोहाघाट के थानाध्यक्ष डीएल वर्मा को सौंप दी गई है। पहले इन दोनों मामलों की जांच पाटी के थानाध्यक्ष विनोद यादव को सौंपी गई थी। जांच अधिकारी वर्मा ने बताया कि मारपीट मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों को जमानत में रिहा कर दिया गया है। साथ ही दोनों घटनाओं के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मंगलवार रात कलीगांव के पास मडलक निवासी पुष्कर सिंह धौनी ने पिटाई करने, धमकाने का पांच लोगों पर आरोप लगाया था जबकि, जयंती भवन के पास बंदेलाढेक निवासी मनोज ढेक के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में आठ लोगों को नामजद किया गया था। दोनों घटनाओं में कुल 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की कई धाराओं में मामला दर्ज किया।
कलीगांव के पास हुई मारपीट की घटना में चोटिल पुष्कर सिंह धौनी ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट आदि का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी जबकि, जयंती भवन के पास हुई घटना में मनोज सिंह ढेक ने आठ लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। जांच अधिकारी का कहना है कि दोनों ही मामलों की तफ्तीश की जा रही है। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।