चंपावत। वीजा अवधि खत्म होने के बाद मलयेशिया में बंधक के तौर पर रह रहे लोहाघाट के युवक जगत सिंह की शुक्रवार को सकुशल स्वदेश वापसी हो जाएगी। जगत सिंह को बचाने के लिए परिजनों, मित्रों के साथ ही जिला प्रशासन की पहल रंग लाई है। जगत के लिए अस्थायी वीजा तैयार करने के साथ ही इमरजेंसी सर्टिफिकेट के जरिए भारत भेजा जा रहा है। वह शुक्रवार को कुआलालमपुर के मेलिंडो एयर फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचेगा।
लोहाघाट के हथरंगिया निवासी जगत सिंह तीन साल पहले आजीविका की तलाश में मलयेशिया गया था। उसका पासपोर्ट, वीजा की अवधि 19 जनवरी को समाप्त हो गई थी। इसके बाद जगत सिंह जिस होटल में काम करता था, उसके मालिक ने उसका पासपोर्ट, वीजा जब्त कर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद जगत ने किसी तरह से होटल मालिक के चंगुल से मुक्त होकर भारतीय दूतावास में संपर्क किया।
सोशल मीडिया के माध्यम से अपने परिजनों को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी, जिसके तत्काल बाद जिला प्रशासन की ओर से विदेश मंत्रालय, मलयेशिया सरकार को मेल भेजा गया। यही नहीं गुजरात में एक कंपनी के एचआर जगत सिंह के मित्र नवीन सिंह भंडारी ने भी ट्वीट के माध्यम से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को जानकारी दी थी, जिसके बाद से लगातार भारत सरकार मलयेशिया के संपर्क में थी। डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि जगत को भारत आने वाली पहली फ्लाइट से भेजा जा रहा है। जगत के लौटने की खबर से परिजनों में खुशी है।