लोहाघाट (चंपावत)। भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे हयात सिंह माहरा का निधन हो गया है। वह 72 साल के थे। पिछले महीने हार्ट अटैक आने से वह बीमार चल रहे थे। उन्होंने अपने पैतृक गांव इजड़ा बाराकोट में अंतिम सांस ली। उनके बेटे निर्मल माहरा भाजपा के चंपावत जिलाध्यक्ष हैं।
हयात सिंह माहरा की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भाजपा सह जिला प्रभारी और दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया व अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लिपटाया और ससम्मान विदाई दी। अंतिम संस्कार रामेश्वर घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
चिता को मुखाग्नि उनके बेटे निर्मल सिंह माहरा और छोटे भाई कुंदन सिंह माहरा ने दी। माहरा के निधन के शोक में जिले में भाजपा ने सभी कार्यक्रम तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आदि ने उनके निधन पर शोक जताया है।
आपातकाल के दौर में हयात सिंह माहरा को बनाया गया था मीसा बंदी
सतीश जोशी सत्तू
चंपावत। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हयात सिंह माहरा आपातकाल के दौरान मीसा में गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल थे। उत्तराखंड सरकार ने आपात काल लागू होने के बाद मीसा में गिरफ्तार किए लोगों को सम्मान दिया गया था।
26 जून 1975 को आपातकाल लागू होने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और जनसंघ से जुड़े प्रमुख लोगों को गिरफ्तार किया जाने लगा। उस वक्त चंपावत जिला उस दौर में पिथौरागढ़ जिले का ही भाग हुआ करता था। उस समय माहरा बरेली कालेज के छात्र थे। गिरफ्तार होने वालों में सबसे कम उम्र के युवक थे। उन्हें 27 दिसंबर 1975 को टनकपुर से गिरफ्तार किया गया था तथा बरेली हल्द्वानी, नैनीताल की जेलों में नौ माह तक बंद रहे। वह राज्य बनने के बाद पहली बार हुए विधानसभा चुनाव में चंपावत विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे थे और मामूली वोटों के अंतर से हार गए थे।
छात्र जीवन से ही भाजपा के प्रति वफादार रहे
चंपावत। बाराकोट ब्लाक के पूर्व प्रमुख रहे निर्मल माहरा के पिता हयात सिंह माहरा छात्र जीवन से ही भाजपा के प्रति समर्पित और वफादार रहे। वह 1989 में जिला सहकारी बैंक के प्रथम बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वह लगातार पांच कार्यकाल तक अध्यक्ष बने रहे। संवाद
इन्होंने भी जताया शोक
जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, वन निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला सह प्रभारी मंत्री गणेश भंडारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक, बाराकोट ब्लाॅक प्रमुख विनीता, लोहाघाट ब्लाॅक प्रमुख नेहा ढेक, पाटी ब्लाॅक प्रमुख सुमन लता, गोविंद वर्मा, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख योगेश सिंह मेहता, राजू गड़कोटी, सतीश पांडेय, सचिन जोशी, दीपक ओली, सतीश खर्कवाल आदि ने उनके निधन पर शोक जताया है।