गर्मियों के मौसम में अक्सर पेयजल संकट का सामना करने वाले जिले के सीमांत तल्लादेश के लोगों के लिए खुशखबरी है। इन गांव के लोगों को जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान मिल सकेगा। सिंचाई विभाग के लघु डाल खंड अल्मोड़ा की ओर से तामली में नलकूप लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सिंचाई विभाग की सर्वे टीम ने तामली के विभिन्न स्थानों पर जाकर पर्याप्त नमी वाले स्थान पर नलकूप के लिए बोरिंग का कार्य शुरू कर दिया है। तामली में नलकूप का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दूसरे गांव पोलप में भी नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। तामली और पोलप में नलकूप लगाने के लिए क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल ने 80-80 लाख रुपए की विधायक निधि अवमुक्त की है। विधायक प्रतिनिधि विपिन जोशी का कहना है कि तल्लादेश के दो स्थानों पर पहली बार नलकूप के जरिए पेयजल आपूर्ति की योजना की सफलता के बाद अन्य गांवों में भी नलकूप लगाए जाएंगे।
बीएडीपी से पांच स्थानों पर लगाए जा रहे हैंडपंप
जिले के सीमांत क्षेत्र में सड़क से जुड़े पांच स्थानों पर जल संस्थान की ओर से हैंडपंप लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल सक्सेना के अनुसार बार्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम (बीएडीपी) के तहत मंच, सिमियाउरी, पोलप, बचकोट और तामली में एक-एक हैंडपंप लगाने का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व बीएडीपी के तहत लोहाघाट विकासखंड में दस हैंडपंपों के लिए बोरिंग की गई थी। इनमें से छह स्थानों पर हैंडपंप लगा दिए गए हैं। चार हैंडपंप जो ड्राई ओवर निकले उनके स्थान पर दूसरी जगह हैंडपंप लगाए जा रहे हैं।