चंपावत पुलिस की ओर से मंदिरों में चोरी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया। स्रोत:पुलिस
चंपावत। पुलिस और एसओजी टीम ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपियों को मय चोरी के सामान सहित हिरासत में लिया है। पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी खंगालने और अन्य सुराग ढूंढने के बाद आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है।
एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि कोतवाली चंपावत और थाना लोहाघाट में कुछ दिनों से अज्ञात चोर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों और कस्बों में दुकानों का ताला तोड़कर चोरी कर रहे हैं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सोमवार रात चंपावत के डिप्टेश्वर मंदिर के समीप चेकिंग के दौरान गोपाल बोहरा निवासी ग्राम मालाखेती, जिला कैलाली नेपाल और शेर बहादुर खत्री निवासी ग्राम डीला सैनी, जिला बैतड़ी नेपाल के कब्जे से एक मोबाइल, एक जोड़ी पीली धातु के कर्णफूल और 1,850 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने गंगनौला मंदिर में और भैरवा तिराहे में परचून की दुकान में चोरी करने का आरोप स्वीकार कर लिया है। आरोपियों को दबोचने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेश उपाध्याय, थानाध्यक्ष लोहाघाट मनीष खत्री, एसओजी प्रभारी सुरेंद्र खड़ायत, ललित पांडेय, सोनू बोहरा, हेमंत कठैत, महेंद्र डंगवाल, अशोक वर्मा, जीवन पांडेय, किशोर सिंह आदि शामिल रहे।