कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर रानीखेत में 26 मई से भर्ती मेला आयोजित किया जाएगा। थल सेना के विभिन्न ट्रेडों में जवानों की भर्ती प्रक्रिया दो जून तक चलेगी।
पिथौरागढ़ के आर्मी रिक्रूटिंग अधिकारी कर्नल पुनीत दत्ता ने बताया कि 26 मई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों की सैनिक जीडी, क्लर्क, एसकेटी, टीडीएन और 27 मई को ऊधमसिंह नगर जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
उन्होंने बताया कि 27 मई को ही अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के अभ्यर्थियों की सैनिक जीडी, सैनिक जीडी सिख की भर्ती भी आयोजित की जाएगी।
नैनीताल जिले के अभ्यर्थियों की सैनिक जीडी, क्लर्क, एसकेटी और टीडीएन की भर्ती 28 मई जबकि अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती 29 मई को आयोजित की जाएगी।
30 मई को पिथौरागढ़ जिले के अभ्यर्थियों की जीडी, क्लर्क, एसकेटी और 31 मई को चंपावत जिले के अभ्यर्थियों की सैनिक जीडी, ट्रेड मैन, क्लर्क, स्टोर कीपर की भर्ती होगी।
इसके अलावा समस्त उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की एक जून को आरटी जेसीओ और दो जून को हवलदार ईडीएन के पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अमिताभ नेगी के अनुसार रानीखेत में आयोजित भर्ती मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए पूर्व सैनिक कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।